आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब से लदा कैंटर पकड़ा
अहमदगढ़। थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर तस्करी कर कैंटर से लाई जा रही गैर प्रांत की अवैध शराब बरामद की है। निरीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि सोमवार को उन्हें सूचना मिली कि बुलंदशहर की ओर से एक कैंटर गैर प्रांत की अवैध शराब लादकर डिबाई की ओर जाने वाले है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है।
सूचना मिलते ही उन्होंने टीम के साथ अहमदगढ़ क्षेत्र में अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान बुलंदशहर की ओर से आ रहे एक कैंटर को रुकने का इशारा किया तो आरोप कैंटर चालक भागने की कोशिश करने लगा। कुछ दूरी पर खुद को घिरता देख आरोपी चालक कैंटर से कूदकर भाग निकला। टीम ने कैंटर की चेकिंग की तो उसमें हरियाणा प्रांत की निर्मित अंग्रेजी शराब की करीब डेढ़ सौ पेटियां मिलीं, जो कि तस्करी के लिए लाई जा रही थीं। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ अहमदगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। अवैध शराब की बाजार में कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी जा रही है।