बच्चों के मामूली विवाद में भिड़े दो पक्ष, मारपीट-फायरिंग
अनूपशहर। कोतवाली क्षेत्र के गांव जिरौली में मंगलवार देर शाम बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने बुधवार सुबह तूल पकड़ लिया। बच्चों के विवाद में दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जमकर मारपीट व फायरिंग हुई। इसमें चार लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही दोनों पक्ष के तीन महिलाओं समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार देर शाम गांव जिरौली निवासी रामकुमार व अनिल के परिवार के बच्चों में खेल के दौरान किसी बात पर विवाद हो गया था। मंगलवार शाम को तो मामला शांत रहा, लेकिन बुधवार सुबह मामले ने तूल पकड़ लिया। बुधवार सुबह दोनों पक्षों में आपस में परिवार के बीच जमकर विवाद व मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडों व घातक हथियार लेकर आमने-सामने आ गए। बताया गया कि दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग भी की गई। इस कारण गांव में अशांति व भय का माहौल बन गया। गांव में बलबे की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अखिलेश गौड़ सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दबिश देकर तीन महिलाओं सहित नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें एक पक्ष से छह लोग पवन उर्फ गुड्डू, कमलेश, गुड्डी, गिरीश, राजकुमार व आलोक तथा दूसरे पक्ष से यतेंद्र, अनिल व निर्मला को हिरासत में ले लिया। वहीं आरोपी यतेंद्र के कब्जे से लाइसेंसी बंदूक व दो खोका कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस के सख्त रवैये से गांव में पूरी तरह शांति बनी हुई है, किसी प्रकार का तनाव नहीं है।
कोट..
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन महिला सहित नौ लोगों को गिरफ्तार कर एक लाइसेंसी बंदूक मय दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों पक्षों के चार आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहे हैं। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ बलबा, जानलेवा हमला, जान से मारने की धमकी आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। - अखिलेश गौड़, निरीक्षक अनूपशहर कोतवाली