संदिग्ध परिस्थितियों में लापता इन्ने की हत्या की जताई आशंका
फोटो समाचार
- पीड़ित परिजनों ने सोमवार को एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
- बीते 15 जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ था इन्ने खां
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र से बीते दिनों लापता हुए वृद्ध को पुलिस अभी तक तलाश नहीं सकी है। पीड़ित परिजनों ने वृद्ध की हत्या की आशंका जताते हुए सोमवार को शिकायती पत्र एसएसपी को सौंप कार्रवाई की मांग की है।
सिकंदराबाद के मोहल्ला मिर्दवाड़ा निवासी मोहसीन सोमवार को परिजनों संग एसएसपी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके पिता इन्ने खां पुत्र इकराम बीती 15 जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। उन्होंने पुराने जीटी रोड स्थित एक डेयरी की सीसीटीवी फुटेज भी चेक की हैं। जिनमें उनके पिता मोहल्ला निवासी दो युवकों के साथ बाइक पर जाते हुए नजर आ रहे हैं। यह फुटेज 15 जनवरी की शाम 5.50 बजे की है। आरोप है कि जिनके साथ उनके पिता फुटेज में नजर आ रहे हैं, वह बदमाश किस्म के लोग हैं। पीड़ित परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपियों ने इन्ने की हत्या कर शव को छिपा दिया है। एसएसपी ने पीड़ित परिजनों को न्याय का आश्वासन देकर थाना पुलिस को मामले में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विकास वत्स