किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश
- औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव में बुधवार देर शाम की घटना
- पीड़िता की मां ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव में दुकान से सामान लेने के लिए गई किशोरी के साथ गांव निवासी आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता की मां ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है।
औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने बृहस्पतिवार को एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका पति दिल्ली में मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। गांव स्थित घर में वह अपनी पांच बेटियों व एक बेटे के साथ रहती है। गांव निवासी तीन आरोपी आए दिन उसे व उसकी 16 वर्षीय पुत्री को फोन कर तंग कर अश्लील बातें करते हैं। बुधवार शाम को उसकी पुत्री गांव स्थित परचून की दुकान से सामान खरीदने के लिए गई थी। इस दौरान तीनों आरोपियों ने उसे दबोच लिया और उसके साथ अभद्रता कर उसे अपने साथ खेत की ओर खींच कर ले जाने लगे। किशोरी के शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता हुआ देख आरोपी मौके से उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी मुनीराज ने थाना पुलिस को मामले में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।