श्रमजीवी एक्सप्रेस से सिगरेट और स्वीटी सुपारी के कर्टन उड़ाए
- दिल्ली से कानपुर के लिए ट्रेन के एसएलआर में कराया गया था लोड
- तीन कर्टन दिल्ली हावड़ा मार्ग के रेलवे ट्रैक पर डाबर स्टेशन के पास पड़े मिले
- पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर आरपीएफ चौकी पुलिस जांच में जुटी
बुलंदशहर। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर श्रमजीवी एक्सप्रेस से किसी ने लाखों रुपये के सिगरेट और स्वीटी सुपारी के कर्टन उड़ा लिए। जंक्शन स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर अलीगढ़ की तरफ रेलवे ट्रैक पर फेंके हुए तीन कर्टन आरपीएफ ने बरामद कर लिए। उधर कानपुर पहुंचने के बाद जब व्यापारी ने ट्रेन में लदा माल गायब देखा तो उसके भी होश उड़ गए। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर आरपीएफ ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बुधवार रात कानपुर जाने के लिए श्रमजीवी एक्सप्रेस दिल्ली से 11.40 बजे रवाना हुई। टेन के एसएलआर बोगी में मैनपुरी निवासी सतेन्द्र ने कानपुर के लिए 3 कर्टन स्वीटी सुपारी और 8 कर्टन सिगरेट लोड कराया था। करीब 1.10 बजे श्रमजीवी एक्सप्रेस जंक्शन स्टेशन से होते हुए गुजरी थी। उसके कुछ घंटे बाद आरपीएफ को सूचना मिली कि जंक्शन स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर अलीगढ़ की तरफ ट्रैक के पास तीन कर्टन पड़े हैं। सूचना के आधार पर पहुंची आरपीएफ ने पाया कि कर्टन में सिगरेट के पैकेट भरे पड़े हैं। उधर बृहस्पतिवार सुबह जब ट्रेन कानपुर पहुंची तो व्यापारी ने पता किया तो एसएलआर बोगी में लोड हुए सभी कर्टन गायब हैं। इसे रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। जंक्शन पहुंचकर पीड़ित सतेन्द्र ने शिकायत की है। उधर आरपीएफ प्रभारी विजयपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।