सात लाख की कुर्सियां गायब, कैंटर गुलावठी में मिला
गुलावठी। दिल्ली के एक टेंट व्यापारी की कैंटर में लदी सात लाख रुपये की कुर्सियां बदमाशों ने कैंटर साहित गायब कर दीं। काफी तलाश के बाद गुलावठी में कैंटर तो मिल गया लेकिन कुर्सियां गायब हैं। दिल्ली पुलिस सोमवार को टेंट मालिक के साथ तलाश करने यहां पहुंची। पुलिस ने स्थानीय धौलाना रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास खड़े कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया, परंतु उसमें लदी कुर्सियां बरामद नहीं हो सकी हैं।
दिल्ली निवासी टेंट व्यवसायी नरेंद्र बंसल ने बताया कि रात को उसके घर के बाहर नई कुर्सियों से भरा कैंटर लदा था, परंतु सुबह वहां कैंटर गायब था। उसके मोबाइल में कैंटर का जीपीएस सिस्टम कनेक्ट था, इससे उसे कैंटर की लोकेशन गुलावठी के निकट धौलाना रोड पर मिली। उसने दिल्ली पुलिस को सूचित किया तथा पुलिस को साथ लेकर गुलावठी पहुंचा। जहां खाली कैंटर खड़ा था। दिल्ली पुलिस कैंटर बरामद कर बदमाशों की गिरफ्तारी तथा माल की बरामदगी के लिए जुट गई है।
-------