विवाहिता को बंधक बना जिंदा जलाने की कोशिश
सिकंदराबाद। विवाहिता को कमरे में बंधक बनाकर पति और देवर ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाकर किसी तरह विवाहिता की जान बचाई। विवाहिता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति, देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदेरू निवासी सरवरी पत्नी असद ने बताया कि उसने अपनी बेटी फरहा (31) की शादी करीब 13 साल पहले गांव निवासी तारिक पुत्र इकबाल के साथ की थी। फरहा तीन बच्चों की मां है। बताया कि रविवार को किसी बात को लेकर फरहा का अपने पति तारिक से विवाद हो गया। इसी बात को लेकर तारिक ने अपने भाई शादाब के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की नियत से उसे कमरे में बंद कर जिंदा जलाने की कोशिश की। बताया कि फरहा ने किसी तरह फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। सूचना पर वह अपने बेटों के साथ मौके पर पहुंची। बताया कि आरोपी पति, देवर ने उन्हें घर में नहीं घुसने दिया। इस पर उसने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाकर किसी तरह फरहा को कमरे से बाहर निकाला। बताया कि आग से कमरे में रखे कपड़े व अन्य सामान भी जल गए। एसआई उजेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना पर वह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे में बाहर से कुंडी लगी थी और कमरे में आग लग रही थी। उन्होंने आग बुझाकर फरहा को कमरे के बाहर निकाला। आरोपी पति, देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।