शिकारपुर में बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से गाय की मौत होने पर स्टेट हाईवे पर जाम लगाते बजरं
शिकारपुर। थाना क्षेत्र में मेरठ-बदायूं हाईवे पर बाईपास के निकट तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने सड़क पार कर रहे गोवंश को रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे और जेसीबी मंगाकर शव हटाने की मांग की। लेकिन, जेसीबी के देरी से आने पर कार्यकर्ता भड़क गए और हाईवे पर जाम लगा दिया। बाद में अधिकारियों के समझाने व शव हटाए जाने पर कार्यकर्ता शांत हुए।
बजरंग दल के पदाधिकारी शिवम ने बताया कि शनिवार देर रात लगभग नौ बजे मेरठ बदायूं स्टेट हाईवे पर शिकारपुर बाईपास बाराखंबा चौराहे के पास अज्ञात ट्रक चालक ने सड़क पार कर रहे गोवंश को रौंद दिया। इससे गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर नगर पालिका के अधिकारी, पुलिस व बजरंग दल के कई कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस से आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही जेसीबी से गोवंश के शव को वहां से हटवाकर दफानाने की मांग भी की। लेकिन, जेसीबी के देरी से आने पर गुस्साए बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़क पर ही जाम लगाकर बैठ गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सीओ शोभित कुमार ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझाया और जेसीबी मंगाकर गोवंश के शव को ले जाकर दफना दिया गया। सीओ ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।