पांच माह में भी नहीं बन सका नया कोविड अस्पताल
बुलंदशहर/खुर्जा। देश और प्रदेश में कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन की दस्तक के बाद भी जिले में कोविड अस्पताल को लेकर तैयारियां धीमी गति से चल रही हैं। दूसरी लहर के दौरान ही संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर 100 बेड का अस्थाई कोविड अस्पताल बनना शुरू हो गया था लेकिन अभी तक यह अस्पताल तैयार नहीं हो सका है। हालांकि विभागीय अफसर सीवर कार्य छोड़ अन्य कार्य पूर्ण होने का दावा कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान जनपद समेत देशभर में ऑक्सीजन और संसाधनों की कमी खली। समय से उपचार न मिलने और होम आइसोलेशन के दौरान ऑक्सीजन न मिलने पर लोगों की मौत के मामले बढ़ते चले गए। इसके बाद जनपद समेत प्रदेशभर में ऑक्सीजन प्लांट और अन्य संसाधनों को तैयार किया जाने लगा। इसके अलावा कोविड संक्रमितों के उपचार के लिए 100 बेड का खुर्जा जटिया चिकित्सालय में अस्थाई कोविड अस्पताल तैयार करवाना शुरू कर दिया। अस्पताल का भवन बन गया है लेकिन संसाधन और सीवर लाइन को लेकर अभी तैयारियां नहीं हुई है। वहीं, विशेषज्ञ की कमी भी उपचार में बाधा बनेगी।
इन पांच अस्पतालों को बनाया गया है कोविड अस्पताल
खुर्जा जटिया चिकित्सालय, संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद, 100 बेड राजकीय चिकित्सालय डिबाई और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारपुर व स्याना को कोविड अस्पताल बनाया गया है। यहां पर समय-समय पर उच्च अफसरों द्वारा तैयारियों को परखा जा चुका है। इन अस्पतालों में आइसोलेशन, वेंटिलेटर, एनआइसीयू और पीआइसीयू की व्यवस्था की गई है। कोविड अस्पतालों में तैयारियों की परख के लिए तीन बार मॉकड्रिल भी की जा चुकी है। शुरुआत में कुछ खामियां मिलीं। अब 17 और 18 दिसंबर को फिर मॉकड्रिल का आयोजन होगा।
14 ऑक्सीजन प्लांट तैयार
कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए जिले के 10 स्थानों पर 14 ऑक्सीजन प्लांट तैयार किए गए हैं। इनमें सबसे बड़ा 1000 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट जिला अस्पताल परिसर में लगाया गया है। इसके अलावा जिला महिला अस्पताल, संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद, वीआईआईटी, जटिया चिकित्सालय खुर्जा, डिबाई 100 बेड राजकीय चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अगौता, स्याना, शिकारपुर, गुलावठी आदि केंद्र पर ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं।
ऑक्सीजन प्लांट की स्थिति
स्थान क्षमता वीआईआईटी 45-45 एलपीएम के तीन
वीआईआईटी 500 एलपीएम
जटिया चिकित्सालय 150 एलपीएम
जटिया चिकित्सालय 500 एलपीएम
जिला अस्पताल 1000 एलपीएम
जिला महिला अस्पताल 500 एलपीएम
संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद 300 एलपीएम
डिबाई चिकित्सालय 300 एलपीएम
गुलावठी सीएचसी 300 एलपीएम
अगौता स्वास्थ्य केंद्र 300 एलपीएम
स्याना सीएचसी 150 एलपीएम
शिकारपुर सीएचसी 150 एलपीएम
नोट - सभी ऑक्सीजन प्लांट तैयार हैं और क्रियाशील हैं।
कोरोना के नए स्वरूप से बचने को बांटी जाएगी कोविड किट
कोरोना संक्रमण की पहली और दूसरी लहर के दौरान लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए लक्षण मिलने वाले लोगों को कोविड किट वितरण किया गया था। ठीक इसी प्रकार संभावित तीसरी लहर और ओमिक्रॉन को देखते हुए विभाग द्वारा जिलेभर में करीब 25000 किट का वितरण कराया जाएगा। जो निगरानी समितियों द्वारा लोगों के घर-घर जाकर जल्द वितरित की जाएगी। विभाग ने किट का वितरण कराने को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है।
सभी कोविड अस्पताल संचालकों के प्रभारियों को तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों में कोविड अस्पताल में स्थापित संसाधन ऑक्सीजन प्लांट और ऑक्सीजन कन्संट्रेटर के क्रियाशील रखने, स्टाफ की तैनाती, बेड और आईसीयू तैयार रखने को कहा गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए कोविड अस्पतालों को सक्रिय कर दिया है। यदि संक्रमण के मामले मिलते हैं तो तत्काल उपचार दिलवाया जाएगा। ऑक्सीजन की कमी न हो, इसके लिए सभी ऑक्सीजन प्लांट भी सक्रिय रखे गए हैं। रविवार तक जिले में 20 लाख लोगों को टीका लगाया जा चुका है। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ