मोहल्ला कोठियात में सड़क पर पड़ी कोविशील्ड की वैक्सीन।
- फोटो : BULANDSHAHR
सड़क पर बिखरी मिली कोविशील्ड वैक्सीन, जांच शुरू
बुलंदशहर। पुलिस लाइन के निकट कोठियात कालोनी में रविवार रात कोविशील्ड वैक्सीन का बॉक्स सड़क पर पड़ा मिला। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीएमओ ने इसका संज्ञान में लेकर जांच के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल 1.55 सेकंड का वीडियो पुलिस लाइन के निकट कोठियात कालोनी की बताई जा रही है। वीडियो में कोविशील्ड वैक्सीन के वायल सड़कों पर बिखरे पड़े दिख रहे हैं। वैक्सीन को सुरक्षित रखने वाला बॉक्स भी पड़ा दिख रहा है। वैक्सीन के कुछ वायल वाहनों के गुजरने के कारण टूटे हुए भी नजर आ रहे हैं। कुछ वायल भरे हुए भी दिख रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वैक्सीन किसने फेंकी इसकी जानकारी नहीं है। वायल काफी समय तक सड़कों पर पड़े रहे। करीब एक घंटे बाद कुछ लोग आए और वायल और बॉक्स उठाकर ले गए।
टीका लगाने के बाद जमा करनी होती है खाली वायल
एक वायल में 10 लोगों को टीका लगाया जाता है। संबंधित वायल पर बैच नंबर अंकित होता है। जो किसे दी गई और किसे लगाई गई इसकी जानकारी सब ऑनलाइन फीड रहती है। टीका लगाने के बाद संबंधित स्टाफ को खाली वायल कोल्ड चेन में जमा करनी होती है।
कभी हुई थी किल्लत
जिले के 81 केंद्रों पर प्रतिदिन कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। पिछले दिनों जनपद वैक्सीन की कमी से भी जूझा था। लोगों को बिना टीका लगवाए बैरंग लौटना पड़ता था। अब पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है।
मामले का वीडियो मिला है। वीडियो के आधार पर जांच कराई जा रही है। स्वास्थ्य अफसरोें ने संबंधित क्षेत्र में जाकर स्थलीय निरीक्षण किया है। वैक्सीन किसे दी गई और किस कारण फेंकी गई, इसकी रिपोर्ट मिलने पर पता चल सकेगा। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ