चार माह बाद एक दिन में मिले सर्वाधिक 11 कोरोना संक्रमित
बुलंदशहर। जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। चार माह बाद रविवार को जिले में सर्वाधिक 11 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, इस माह में अब तक 67 केस सामने आ चुके हैं और वर्तमान में 34 सक्रिय मरीज हैं। जिनका होम आइसोलेशन समेत कोविड अस्पतालों में उपचार चल रहा है। कोरोना संक्रमण बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।
जिले में पिछले एक पखवाड़े से कोरोना संक्रमण के केस में वृद्धि देखने को मिल रही है। एक माह पूर्व जहां एक-दो-एक केस सामने आ रहे थे। वहीं, जून माह में प्रतिदिन संक्रमित लोग मिल रहे हैं। इनकी संख्या अभी तक पांच-छह तक ही सीमित थी। जो रविवार को बढ़कर 11 पर पहुंच गई। जबकि चार माह पूर्व 25 फरवरी को सर्वाधिक 12 लोग संक्रमित मिले थे। हालांकि पहली और दूसरी लहर की अपेक्षा मौत का ग्राफ शून्य है लेकिन दिन-प्रतिदिन बढ़ते संक्रमित के आंकड़ों ने स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता खड़ी कर दी है।
पहली, दूसरी और तीसरी लहर के दौरान शुरुआत में कम लोग संक्रमित आए थे। पहली लहर जहां कम भयावह रही तो दूसरी लहर में लोगों को ऑक्सीजन तक के लाले पड़ गए। इस बीच 100 से अधिक लोगों की मौतें भी हुई। इसके बाद तीसरी लहर में जहां लोग संक्रमित नहीं हुए। वहीं, अब लगातार केस मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इससे विभागीय अफसर चौथी लहर के शुरुआत होने की आशंका जता रहे हैं।
एक सप्ताह में लिए गए सैंपल और संक्रमित की संख्या
तारीख - सैंपल की संख्या - संक्रमित की संख्या
13 जून - 1480 - 07
14 जून - 1083 - 03
15 जून - 1408 - 02
16 जून - 1127 - 03
17 जून - 1864 - 05
18 जून - 1025 - 06
ऐसे करें बचाव
- अपने आसपास सफाई रखें।
- हाथ को साबुन या सैनिटाइजर से समय-समय पर धोएं।
- संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग जरूर करें।
- अपनी नाक, मुंह को हाथ से न छूएं और न ही हाथ धोए बिना कुछ खाएं।
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण का कार्य अभी जारी है। जो लोग टीका लगवाने से वंचित है वह टीका जरूर लगवा लें और कोविड गाइड लाइन का पालन जरूर करें। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ