119 लोगों में हुई संक्रमण की पुष्टि, 415 हुए ठीक
बुलंदशहर। जिले में कोरोना संक्रमित लोगों के मिलने का सिलसिला अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में मंगलवार को 119 लोग पॉजिटिव पाए गए। साथ ही 415 लोग स्वस्थ भी हुए है। इसके बाद जिले में एक्टिव केस घटकर अब 1084 रह गए हैं।
एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि जिलेभर में पॉजिटिव केस आ जरूर रहे हैं, मगर सभी की स्थिति सामान्य है। पॉजिटिव मिले सामान्य लोगों को घर पर ही रहने के लिए कहा जा रहा है। संबंधित को मेडिकल किट उपलब्ध करवा दी जाती है। मंगलवार को आरटीपीसीआर लैब से 89 लोगों में और 30 लोगों में एंटीजन किट से जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस दौरान बुलंदशहर में 48, डिबाई में 16, खुर्जा में 12, बीबीनगर में नौ, दानपुर में आठ, अरनियां में सात, लखावटी में चार, अनूपशहर, गुलावठी व सिकंदराबाद में तीन-तीन, पहासू व स्याना में दो-दो और शिकारपुर व ऊंचागांव क्षेत्र निवासी एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
939 किशोर समेत 22,755 ने लगवाया टीका
बुलंदशहर। जिले में कोरोना से बचाव को लेकर मंगलवार को 306 सत्र का आयोजन कर शाम पांच बजे तक 22,755 लोगों को टीका लगाया गया। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को 81 केंद्रों पर 306 सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी केंद्रों पर शाम पांच बजे तक 939 किशोर समेत 22,755 लोगों ने टीका लगवाया। इसमें 9,941 को पहला, 11,907 को दूसरा और 907 लोगों को बूस्टर टीका लगाया गया।