24 घंटे में 28 बच्चों सहित 239 लोग मिले संक्रमित
बुलंदशहर। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को कोविड जांच के दौरान 28 बच्चे, महिला पुलिस उपनिरीक्षक, सात बैंक कर्मी, छह पुलिसकर्मी और दो लेखपाल समेत 239 नए मरीज मिले हैं। आठ लोग स्वस्थ भी हुए हैं। जिले में सक्रिय मरीज 807 हो गए हैं। इसके बावजूद लोगों की लापरवाही बढ़ती जा रही है।
सार्वजनिक स्थानों पर भी लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया जा रहा है। मंगलवार को सर्वाधिक बुलंदशहर में 58, खुर्जा में 28, सिकंदराबाद में 27, बीबीनगर व गुलावठी में 22-22, डिबाई में 17, स्याना में 14, अनूपशहर में 12, अरनियां में 10, शिकारपुर में आठ, लखावटी में पांच, दानपुर, जहांगीराबाद व पहासू में चार-चार, ऊंचागांव में तीन और अगौता क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। नए संक्रमित में दो साल से लेकर 11 साल तक के बच्चे भी शामिल हैं। साथ ही किशोर भी काफी संख्या में संक्रमित हो रहे हैं। डॉ. सुरेंद्र राना ने बताया कि आमतौर पर परिवार के लोग छोटे बच्चों पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। इससे वह संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। यही कारण है कि वर्तमान में 15 साल की उम्र तक के बच्चे और किशोर पॉजिटिव आ रहे हैं।
बचाव और सावधानियां
- भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने और लोगों के संपर्क में आने से बचें।
- शादी और पार्टियों के आयोजन न करें या दूर रहें।
- खांसी-जुकाम होने पर मास्क लगाएं और एक-दूसरे से कम से कम एक मीटर की दूरी बनाकर रखें।
- हाथों को बार-बार कम से कम 20 सेकेंड तक अच्छे से धोएं।
- किसी से हाथ न मिलाएं, हाथ जोड़कर नमस्ते कर सकते हैं।
- हाथों को बिना धोए आंख-नाक और मुंह न छूएं।
मंगलवार को 165 लोग आरटीपीसीआर लैब से जांच में और 74 लोग एंटीजन जांच किट से पॉजिटिव आए हैं। जनपद में संक्रमण के अब कुल केस 21,044 हो गए हैं। अब तक कुल 19,991 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं और 246 लोगों की मौत हो चुकी है। 807 लोगों का उपचार चल रहा है। - डॉ. रोहताश यादव, एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी