स्कूलों में छह फीट की दूरी होगी जरूरी
बुलंदशहर। अब जहां स्कूल परिसर से लेकर कक्ष व बसों तक को नियमित रूप से सैनिटाइज किया जाएगा। वहीं क्लास रूम में विद्यार्थियों को छह-छह फीट की दूरी पर बैठाया जाएगा। इतना ही नहीं विद्यालय प्रबंधन छात्रों पर स्कूल आने के लिए दबाव नहीं बनाएंगे बल्कि अभिभावकों से सहमति पत्र लेंगे। जो विद्यार्थी स्कूल नहीं आना चाहेगा, उसेे ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा दी जाएगी। कक्षा नौवीं से 12वीं तक के सभी बोर्डों के कॉलेजों में यह नई गाइड लाइन जारी कर दी गई है।
गाइडलाइन के तहत कॉलेज के स्टॉफ, शिक्षक व सभी विद्यार्थियों को कॉलेज में मास्क लगाना अनिवार्य होगा। कॉलेज खोलने से पहले परिसर को सैनिटाइज करना होगा। वहीं थर्मल स्क्रीनिंग व हैंडवाश के इंतजाम भी करने होंगे। इसके बाद ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। विद्यालय खुलने व छुट्टी के समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना होगा। प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिता व प्रदर्शनी आदि के आयोजन के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। खांसी, जुकाम व बुखार होने की दशा में छात्र, शिक्षक व कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर घर भेजने का इंतजाम कॉलेज प्रशासन को करना होगा। डीआईओएस ने नई गाइडलाइन का पालन न करने वाले विद्यालयों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा ने कहा कि सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।