संक्रमित छात्रा के परिवार की रिपोर्ट नेगेटिव
बुलंदशहर। अमेरिका से लौटी छात्रा की आरटीपीसीआर जांच में भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके चलते उसे खुर्जा स्थित कोविड अस्पताल में ही रखा गया है। परिवार के सभी सदस्यों की भी मंगलवार को जांच कराई गई, जो नेगेटिव आई। छात्रा के साथ सफर करने वाले सात अन्य यात्रियों की रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है।
जहांगीराबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी 19 वर्षीय छात्रा अमेरिका से 13 दिसंबर को लौटी थी। 14 दिसंबर को उसकी जांच की गई थी। सोमवार को फिर जांच की गई तो उसमें कोरोना संक्रमण के लक्षण थे। इसके बाद उसे खुर्जा स्थित कोविड अस्पताल भेज दिया गया था। वहां मंगलवार को उसकी आरटीपीसीआर जांच कराई गई। छात्रा की अब एक सप्ताह बाद फिर जांच की जाएगी और उसी के बाद आगामी निर्णय लिया जाएगा। सीएमओ डॉ. विनय कुमार ने बताया कि छात्रा कोरोना पॉजिटिव है। उसका उपचार शुरू कर दिया गया है। उसके ठीक होने पर ही कोविड अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।
मंगलवार 16,644 ने लगवाया टीका
सीएमओ ने बताया कि मंगलवार को भी 81 केंद्रों पर कोरोना से बचाव का टीका लगवाने का काम जारी रहा। इस दौरान शाम छह बजे तक 16,644 लोगों ने टीका लगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण आगे भी जारी रहेगा और शतप्रतिशत टीकाकरण के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। उन्होंने टीका लगवाने से वंचित रहने वाले लोगों से टीका लगवाने की अपील की है।