82 दिन बाद मिले पांच कोरोना संक्रमित
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर अब पहली लहर की तरह थमने की ओर है। दूसरी लहर शुरू होने से पूर्व 31 मार्च को पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। ठीक 82 दिन बाद 21 जून को पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं, 11 लोग स्वस्थ हुए। जिले में अब कुल संक्रमण के केस 20,066 हो गए हैं। इसमें 19,773 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और 237 लोगों की मौत हो चुकी है। शेष 56 लोगों का उपचार चल रहा है।
दूसरी लहर एक अप्रैल से शुरू हो गई थी। इस दौरान अप्रैल के शुरुआत में ही संक्रमण का ग्राफ बढ़ना शुरू हो गया था।
एक अप्रैल को आठ, दो अप्रैल को 16, तीन अप्रैल को 19, आठ अप्रैल को 92 केस आने के बाद 13 अप्रैल को 109 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद संक्रमण के आंकड़े दिन-प्रतिदिन बढ़ते चले गए थे। हालांकि मई के अंतिम सप्ताह से संक्रमण का ग्राफ कम होने लगा है। एसीएमओ/नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि सोमवार को बुलंदशहर में दो और अनूपशहर, सिकंदराबाद व जहांगीराबाद क्षेत्र निवासी एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।