सरकार भले ही कोविड-19 अस्पतालों पर हर दिन लाखों रुपये खर्च कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का दावा कर रही है, मगर बुलंदशहर जनपद के कोविड-19 अस्पताल से लगातार बदइंतजामी के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
बुधवार को चिट्ठा स्थित जेपी अस्पताल में खाने में कीड़े निकलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कोविड-19 जेपी अस्पताल के मरीजों का कहना है कि भर्ती मरीजों के लिए पौष्टिक आहार के नाम पर घटिया क्वालिटी का खाना दिया जा रहा है।
मंगलवार शाम को वितरित किए गए खाने में कीड़ा निकला तो बुधवार सुबह के नाश्ते में भी एक कीड़ा रेंगता हुआ नजर आया जिसके बाद मरीजों को भूखा ही रहना पड़ा।
बताया गया कि कई बार खाना वितरण करने वाले को इस मामले से अवगत कराया जा चुका है लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं हैं। वहीं, अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
खाने में कीड़ा निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर सीएमओ ने ठेकेदार को कार्य प्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी है। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि वायरल वीडियो को लेकर जांच कराई जा रही है।
खाने की गुणवत्ता को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सफाईकर्मियों को भी अस्पताल की नियमित सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं।