पत्नी की शह पर बेटी के प्रेमी ने ही की थी बलवीर की हत्या
बुलंदशहर। पहासू में करीब दस दिन पूर्व हुई बलबीर की हत्या उसकी पत्नी की शह पर बेटी के प्रेमी और उसके दोस्तों ने ही की थी। पहासू पुलिस ने बलवीर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने हत्याकांड में मृतक की पत्नी और पुत्री समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रेम संबंधों का विरोध करने पर नाबालिग पुत्री ने अपनी मां की सहमति से प्रेमी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिलाया। पुलिस ने आरोपियों का पूछताछ कर चालान कर दिया है।
करीब दस दिन पूर्व हुई पहासू निवासी बलवीर की हत्या में उसकी पत्नी और बेटी का ही हाथ होने का खुलासा पुलिस ने किया है। बुधवार को एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 11 जुलाई को पहासू के गांव जटौला निवासी राकेश कुमार ने अपने भाई बलवीर के 9 जुलाई से गायब होने की सूचना दर्ज कराई। पुलिस की खोजबीन के दौरान बलवीर का शव और उसकी बाइक गंगावली नहर के पास झाड़ियों से बरामद हुई। पुलिस की जांच में पता चला कि बलवीर की नाबालिग पुत्री का गांव के ही हेमंत पुत्र शिशुपाल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बलवीर की पत्नी रानी को उनके संबंधों पर कोई ऐतराज नहीं था, जबकि बलवीर विरोध करता था। इसके चलते नाबालिग पुत्री और पत्नी ने मिलकर प्रेमी हेमंत और उसके दो दोस्तों की मदद से बलवीर की हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि मामले में नाबालिग पुत्री और पत्नी रानी को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि प्रेमी हेमंत व आकाश को गांव दीघी बस स्टैंड औैर आरोपी गोलू को बस अड्डा पहासू से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस और फावड़े का बट भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ कर आरोपियों का चालान किया जा रहा है।