जिले में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में शिकायतों की भरमार लग गई। जिलाधिकारी रोशन जैकब ने कहा कि विभागीय अधिकारी स्टॉल लगाकर जनता की समस्याओं का निस्तारण करें।
मंगलवार को जिलाधिकारी रोशन जैकब की अध्यक्षता में शिकारपुर में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील दिवस में कुल 268 लोगों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें से मात्र 15 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो पाया।
भैसरौली निवासी सुनील कुमार ने ग्राम प्रधान पर नाली के निर्माण के लिए मकान के हिस्से को जेसीबी से गिराने का आरोप लगाया। बरौली के ग्रामीणों ने राशन डीलर द्वारा राशन वितरण में अनियमितता किए जाने की शिकायत की, जबकि कैलावन के ग्रामीणों ने 250 से अधिक शौचालय विहीन परिवारों को शौचालय उपलब्ध कराने की मांग की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दिवस के दौरान सभी विभागों की स्टॉल लगाई जाएं। इसमें विभाग के अधिकारी और कर्मचारी जनता की समस्या से रूबरू हों। साथ ही विभाग की योजनाओं से जनता को रूबर करायें।
इस दौरान एसएसपी मुनिराज जी, सीडीओ जसजीत कौर, एसडीएम उमाशंकर, सीओ विजय प्रकाश, तहसीलदार सुशील कुमार, मंडी सचिव प्रेमपाल सिंह, एसडीओ अनूप कुमार आदि मौजूद रहे। मंडी परिषद द्वारा संचालित मंडी समिति शिकारपुर के माध्यम से खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना तथा समूह जनता व्यक्तिगत दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत सहायता राशि के चेक बांटे गए।