जिला अस्पताल में गलत उपचार के बाद मौत के करीब पहुंचे युवक के मामले में सीएमओ ने बेशक संज्ञान न लिया हो, लेकिन मुख्यमंत्री ने जरूर ले लिया है। गलत ऑपरेशन के कारण युवक के शरीर के फटने के मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जिलाधिकारी से रिपोर्ट तलब की गई है।
नगर के पुलिस लाइन निवासी संदीप पुत्र रमेश चंद्र का जिला अस्पताल में अपेंडिक्स का गलत ऑपरेशन किए जाने का आरोप है। इसके कारण युवक की हालत बिगड़ती चली गई। उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां बताया गया कि युवक का ऑपरेशन गलत किया गया है।
इसके कारण उसका मल भी उसके शरीर में पड़ा हुआ था। इससे उसका शरीर सड़ने लगा और फटने लगा। हद तो तब हो गई जब पूरे मामले की शिकायत करने के बावजूद सीएमओ के स्तर से कोई संज्ञान नहीं लिया गया। इसके बाद अखिल भारतीय यादव महासभा के सचिव नितिन यादव ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की। मुख्यमंत्री सचिवालय की तरफ से डीएम शुभ्रा सक्सेना से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की गई है।
वहीं दूसरी तरफ पीड़ित युवक जिंदगी-मौत से जूझ रहा है। उसके परिजनों ने बताया कि उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना का कहना है कि मामले में जांच कराई जाएगी। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। पीड़ित की हरसंभव मदद की जाएगी।