बुलंदशहर। जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। सीसीएसयू दूसरी मेरिट दो अगस्त शुक्रवार को जारी करेगा। जिसके बाद कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अब तक जिले के कॉलेजों में 28 हजार सीटों के सापेक्ष करीब सात हजार सीटों पर ही प्रवेश हो सके हैं।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक प्रथम वर्ष की बीए, बीएससी और बीकॉम समेत प्रोफेशनल कोर्स की कक्षाओं में प्रवेश के लिए पंजीकरण कराने को 15 जुलाई तक का समय दिया था। जिले से 25 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। जबकि प्रवेश 28 हजार से अधिक सीटों पर होना है। पहली मेरिट 18 जुलाई को जारी की गई थी। इसके तहत 22 जुलाई तक कॉलेजों में प्रवेश हुए। इसके बाद दूसरी मेरिट 22 जुलाई को आने का अनुमान था लेकिन, कांवड़ यात्रा के चलते सीसीएसयू ने तिथि में बदलाव करते हुए दो अगस्त को मेरिट जारी करने की घोषणा की।
वहीं, मेरिट जारी होने से पहले ही कॉलेजों ने तैयारियां पूरी कर ली है। आईपी कॉलेज प्रथम परिसर के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि यदि सीसीएसयू की ओर से दो अगस्त को मेरिट जारी होती है तो, तीन अगस्त से कॉलेजों में प्रवेश शुरू हो जाएंगे। इसके लिए कॉलेजों ने पहले से ही तैयारी कर रखी है। इसके बाद तीसरी मेरिट जारी होगी या फिर कॉलेजों को ओपन मेरिट बनाकर प्रवेश कराने के निर्देश जारी किए जाएंगे। संभावना है कि जारी होने वाली दूसरी मेरिट के बाद कॉलेजों में प्रवेश के लिए बहुत कम सीटें ही बचेंगी।
इस तरह है सीटों का ब्योरा
- जिले के 78 कॉलेजों में 28,636 सीटों पर होना है प्रवेश
कॉलेजों में विषयवार सीटों की संख्या
बीए - बीकॉम - गणित - बायो - सांख्यिकी - कृषि
13,134 - 5600 - 2020 - 1920 - 140 - 240
- प्रोफेशनल काेर्स की सीटें : 5582