सिकंदराबाद। नेशनल हाईवे 34 पर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुखलालपुर निवासी बाइक सवार किसान विजय (42) की कार की टक्कर से मौत हो गई। मृतक अपने खेतों पर जा रहा था। सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए उन्हें शांत कराया।
मृतक के चचेरे भाई सुधीर चौधरी ने बताया कि विजय गांव में रहकर खेती-बाड़ी करते थे। रविवार की सुबह वह बाइक से गांव गफूरगढ़ी स्थित अपने खेतों पर जा रहे थे। जैसे ही वह नेशनल हाईवे 34 पर भटपुरा मोड़ के पास पहुंचे तो बुलंदशहर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। कार की गति इतनी तेज थी कि वह बाइक के साथ विजय को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे गड्ढे में गिर गई। दुर्घटना के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर वह परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे में गंभीर रूप से घायल हो जाने के कारण विजय की मौके पर मौत हो गई थी। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और कार को कब्जे में ले लिया। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
परिवार का इकलौता बेटा था मृतक
सुधीर चौधरी ने बताया कि मृतक विजय परिवार का इकलौता बेटा था। शाम के समय मृतक का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। विजय की अचानक मौत से परिवार के लोग सदमें में हैं। वहीं गांव में शोक छाया हुआ है।