अनूपशहर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त वाहन।
अनूपशहर। स्टेट हाईवे पर गांव दुगरऊ के पास कैंटर और ट्रैक्टर की टक्कर में कैंटर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कैंटर चालक को झपकी आने के कारण कैंटर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गया। हादसे के चलते स्टेट हाईवे पर करीब ढाई घंटे तक जाम लगा रहा।
गांव शेरपुर निवासी शाहिद गांव के ही माहिद, रिहान और सलमान के साथ गांव मऊ स्थित एक ईंट भट्ठे से अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट लेकर जहांगीराबाद जा रहा था। बुलंदशहर-अनूपशहर रोड स्थित गांव दुगरऊ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में शाहिद व कैंटर चालक जरीफ अहमद निवासी मोहल्ला सहवाजपुर थाना सहसवान जिला बदायूं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर सवार माहिद, रेहान, सलमान और कैंटर सवार परिचालक तनवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। कैंटर के परिचालक घायल तनवीर ने बताया कि वह जरीफ के साथ दिल्ली की आजादपुर मंडी से फल लेकर चंदौसी जा रहा था। रास्ते में जाहिद को झपकी आई और कैंटर सामने से आ रहे ट्रेक्टर-ट्रॉली से टकरा गया।
मजदूरी से करते हैं जीवन यापन
सड़क हादसे में मृत शाहिद के पांच भाई हैं। पांचों भाई आसपास के क्षेत्र में ही मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक शाहिद व घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे। शाहिद की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ढाई घंटे तक स्टेट हाईवे पर रही जाम की स्थिति
गांव दुगरऊ के पास हुए सड़क हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरी ईंट सड़क पर फैल गई। जबकि कैंटर के चालक केबिन के परखच्चे उड़ गए। जिसके चलते स्टेट हाईवे पर करीब ढाई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को एक ओर कराते हुए यातायात को सुचारू कराया।
गांव दुगरऊ के पास हुए हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार किया जा रहा है। नियमानुसार मृतकों के परिजनों की मदद के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। - नवीन कुमार, एसडीएम, अनूपशहर