खाते में रुपये डालने का झांसा देकर निकाले 31 हजार
सिकंदराबाद। जालसाजों ने खाते में रुपये डालने का झांसा देकर महिला के खाते से 31 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने अज्ञात कॉलर के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव आशा देई उर्फ प्रानगढ़ निवासी सुषमा पत्नी लोकेश कुमार ने बताया कि नगर के राष्ट्रीयकृत बैंक में उसका खाता है। अज्ञात नंबर से उसके मोबाइल पर फोन आया। कॉलर ने उसके खाते में रुपये जमा कराने की बात कही। कहा कि आपके मोबाइल पर रुपये जमा करने का मेसेज आया होगा। आप मेसेज चेक कर बता दें कि आपके खाते में रुपये जमा हुए हैं या नहीं। कई बार कॉल आने के बाद जैसे ही उसने मेसेज खोलकर चेक किया तो उसके खाते से दूसरे खाते में 31 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। खाते से रुपये काटे जाने के बारे में उसने बैंक को सूचित किया। इसके बाद बैंक ने उसका खाता सीज कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद