कार की टक्कर से से बाइक सवार युवक की गई जान
सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र में कजारिया टाइल्स फैक्टरी के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गेंदपुर शेखपुर गांव के गेट के पास कार व बाइक की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
थाना सलेमपुर क्षेत्र के गांव मुकेरा निवासी मनवीर ने बताया कि उसका चचेरा भाई रोहित पुत्र सूरजभान गाजियाबाद से बाइक द्वारा घर लौट रहा था। सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में कजारिया टाइल्स फैक्टरी के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर अवस्था में उसे बुलंदशहर से हायर सेंटर रेफर किया गया। जिसकी बुधवार की देर शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर बृहस्पतिवार को नेशनल हाईवे-91 पर गेंदपुर शेखपुर गांव के गेट के पास तेजी से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। कार अनियंत्रित होने के कारण खाई में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों ने कार सवार दोनों लोगों को बाहर निकाला। हादसे में कोतवाली क्षेत्र के गांव वीरखेड़ा निवासी बाइक सवार वियोग और कार सवार दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। निरीक्षक जयकरन सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।