खाद की दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित, आठ को नोटिस
बुलंदशहर। शासन के आदेश और डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को कृषि विभाग की ओर से जनपद में संचालित उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण किया गया। विभाग के तीन अधिकारियों ने 48 उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण करते हुए अनियमितताएं पाए जाने पर दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए और आठ दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। साथ ही उर्वरक के 25 सैंपल भी भरे गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
प्रभारी कृषि उप निदेशक धनन्जय सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने आठ उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान दो दुकानों से उर्वरक के दो सैंपल लिए गए, जबकि शेष दुकानों पर सब कुछ ठीक मिला। जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया के नेतृत्व वाली टीम ने 35 उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण किया। अनियमितता मिलने पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने आठ दुकानदारों को नोटिस दिए और दो दुकान निलंबित कर दी। उन्होंने बताया कि इन दुकानों पर उर्वरक बिक्री आदि के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसी तरह जिला भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. घनश्याम वर्मा के नेतृत्व वाली टीम ने पांच उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान दो उर्वरक के सैंपल लिए हैं। उन्होंने बताया कि अन्य दुकानों पर निरीक्षण के दौरान कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई। सभी दुकानों पर स्टॉक आदि ठीक मिला। प्रभारी कृषि उप निदेशक धनन्जय सिंह और जिला कृषि अधिकारी राहुत तेवतिया ने बताया कि उर्वरक के लिए जाने वाले सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।