चेकिंग के दौरान दुकानदार का चालान काटते तंबाकू विभाग के जनपद सलाहकार संदीप तिवारी। अमर उजाला
- फोटो : SIKANDRABAD
चेतावनी बोर्ड लगाए बिना तंबाकू बेचने पर 15 दुकानदारों पर कार्रवाई
सिकंदराबाद। युवाओं को तंबाकू उत्पादों के प्रयोग करने से रोकने और उसके दुष्प्रभाव से बचाने के लिए जिला तंबाकू विभाग की टीम ने नगर की दुकानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तंबाकू निषेध कानून का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जिला तंबाकू विभाग के जनपद सलाहकार संदीप तिवारी के नेतृत्व में नगर के दनकौर रोड पर तंबाकू उत्पाद विक्रेताओं की दुकानों पर चेकिंग की गई। संदीप तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू उत्पाद बेचने वाली दुकानों पर चेकिंग की गई। कार्रवाई के दुकानों पर बिना चेतावनी बोर्ड लगाए तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों, पैकेट खोलकर फुटकर में बीडी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद बेचने,18 वर्ष से कम आयु के युवाओं को तंबाकू उत्पादन बेचने वालों सहित 15 दुकानदारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। सभी दुकानदारों पर 200-200 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के सेवन से रोकने और उसके दुष्प्रभाव से बचाना था। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी चेकिंग अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।