एमबीए के छात्र का अपहरण कर किया जानलेवा हमला, रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र से एमबीए के छात्र को कार सवार पांच लोगों ने अपहरण कर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले तो छात्र को कार में पीटा, उसके बाद मेरठ में ले जाकर भी जानलेवा हमला किया। इसके बाद आरोपी उसे उसके दोस्तों के पास छोड़कर भाग गए। नगर पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर के डिप्टीगंज क्षेत्र निवासी प्रीनत सिंह ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह एमबीए का छात्र है। 19 मई की शाम को वह अपने घर पर मौजूद था। उसी दौरान मेरठ के कंकड़खेड़ा निवासी जसप्रीत सिंह कपूर, निशांक जैन और तीन अन्य लोग उसके घर में घुस आए। इन लोगों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसे अपने साथ एक कार में डाल लिया और कार में ही उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी उसे मारपीट करते हुए मेरठ ले गए। वहां भी आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के कुछ परिचितों को बुलाया और उसे उनके पास छोड़कर भविष्य में हत्या की धमकी देकर भाग गए। अस्पताल में उसका मेडिकल कराया गया, जिसके बावजूद नगर पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। नगर कोतवाल ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दो युवकों को बंधक बनाकर दबंगों ने किया हमला
बुलंदशहर। देहात कोतवाली के गांव सैमली निवासी कौशिंद्र कुमार ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया कि उसके एक परिचित को एआरटीओ कार्यालय के समीप कार्य करने वाली फर्म ने नौकरी से निकाल दिया था। इसी विवाद के चलते 11 जून को फर्म के मालिक समेत तीन लोगों ने उसे एवं उसके साथी कुलदीप को ऑफिस के अंदर बंधक बना लिया। उन्हें पांच घंटे तक बंधक बनाकर मारापीटा गया। उनसे जबरन एक प्रार्थना पत्र लिखवाकर उस पर हस्ताक्षर करा लिए गए। आरोपियों ने उन्हें पुलिस में शिकायत करने पर हत्या करने की धमकी दी। देहात पुलिस ने आरोपी भास्कर गुप्ता निवासी रामा एंकलेव, बॉबी निवासी जालखेड़ा एवं हैरी चौधरी निवासी कौशाम्बी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गाली गलौच का विरोध करने पर युवक पर किया जानलेवा हमला
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बंगला पूठरी निवासी रामेश्वर सिंह ने तहरीर देकर बताया कि 15 जून को उसका पुत्र दीपक बाइक से अपने घर आ रहा था। गांव में रास्ते में उसके पुत्र को दूसरे पक्ष के एक आरोपी ने रोक लिया। उसी दौरान आरोपी अजीत, पुरुषोत्तम, कैलाश, विवेक, रितिक, विकास आदि ने उसके पुत्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके पुत्र के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसका पुत्र लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। शोर सुनकर आरोपी वहां से धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल पुत्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। देहात पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।