अग्निपथ को लेकर भ्रम फैला रहा विपक्ष : वीके सिंह
बुलंदशहर। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि यूक्रेन और रूस के युद्ध के दौरान भारत ने दोनों देशों से शांति बनाने की अपील की। सरकार के इस रुख ने विश्व में देश का मान बढ़ा है। अग्निपथ के जरिये सरकार युवाओं को सना में जाने का अवसर दे रही है। इसको लेकर भी विपक्ष भ्रम फैला रहा है।
वह बुधवार को नुमाइश मैदान स्थित निकुंज हॉल में भाजपा के गरीब कल्याण सम्मलेन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। जनरल वीके सिंह ने कहा कि टूलकिट गैंग ने देश को दो हिस्सों में बांटने की कोशिश की है, जिसे देश के लोग समझ चुके हैं। युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए सेना भर्ती के नए नियम जारी किए गए हैं। विस्तृत नियम सामने आने के बाद लोगों के सवालों के जवाब भी मिल जाएंगे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि प्रदेश और देश की सरकार ने प्रत्येक गरीब के लिए कार्य किया है। कोरोना महामारी के दौरान देश के लोगों को फ्री वैक्सीन के साथ राशन भी दिया गया, जो अन्य किसी भी देश में नहीं किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार देने के लिए कार्य किया गया। जिला प्रभारी सुनीता दयाल भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया ने की। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया, विधायक प्रदीप चौधरी, संजय शर्मा, लक्ष्मीराज सिंह, सीपी सिंह, देवेंद्र लोधी, मीनाक्षी सिंह, पूर्व विधायक डॉ. अनीता लोधी, विमला सोलंकी, मुंशी लाल गौतम, अजय त्यागी मौजूद रहे।
जनता जैसा देती है, वैसी ही सुविधा मिलती है
पूर्व मंत्री सतीश शर्मा के आवास पर प्रेसवार्ता में केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने ज्ञानवापी मस्जिद के सवाल पर कहा कि देश के लोगों को वास्तविकता पता है, कुछ लोग इसे तोड़ मरोड़कर पेश कर रहे हैं। देश के सभी वर्ग के लोगों को संगठित रहना है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि नेशनल हाईवे 91 की हालत खराब है। इसके लिए जल्द ही प्रयास करते हुए उचित समाधान कराया जाएगा। टोल टैक्स वसूली पर कहा कि क्षेत्र की जनता जैसा देती है वैसी ही सुविधा उसे मिलती है। सेना में भर्ती नए नियमों पर कहा कि जो युवाओं के लिए सोच समझकर नियम बनाए जाएंगे। समाज में बिखराव को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को इसकी गहराई में जाकर पड़ताल करनी चाहिए। जो लोग समाज को बिखेरने का काम कर रहे हैं, ऐसे लोगों को दूर भगाना है और समाज को एकजुट करना है। इस मौके पर प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन, क्षेत्रीय मंत्री आशीष वत्स, संजय माहेश्वरी, नागेंद्र प्रधान, शरद त्रिवेदी, दीपक ऋषि व इंद्रमोहन लोधी मौजूद रहे।
दोनों नेताओं का हुआ स्वागत
सिकंदराबाद में विधायक लक्ष्मीराज सिंह, जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा दिवाकर सिंह के नेतृत्व में जनरल वीके सिंह का स्वागत किया गया। गुलावठी में धर्मेंद्र तेवतिया, शैलेश तेवतिया, डॉ. परिचय अग्रवाल समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मीकांत वाजपेयी का स्वागत किया। सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीके शर्मा के आवास पर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गर्ग, हितेश गर्ग, सुनील शर्मा के नेतृत्व में लक्ष्मीकांत वाजपेयी का जोरदार स्वागत किया गया।