प्लॉट पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में पथराव-फायरिंग
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फैसलाबाद में एक प्लॉट पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष के आरोपियों के द्वारा नल के हत्थे से प्रहार कर दूसरे पक्ष के लोगों को घायल करने और फायरिंग का भी आरोप लगा है। मारपीट में आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो घायलों की हालत चिंताजनक बताई गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला फैसलाबाद में एक प्लॉट पर मालिकाना हक और कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। एक पक्ष की ओर से रामकुमार का कहना है कि उसने वर्ष 1992 में प्लॉट खरीदा था और उस पर उसी का कब्जा है। कुछ माह पहले रामकुमार द्वारा प्लॉट पर एक किराएदार को रख दिया गया। दूसरे पक्ष के मोहन सिंह द्वारा प्लॉट को अपना बताया जाता है। मोहन सिंह द्वारा प्लॉट पर अपनी भैंस बांध दी गई। बुधवार दोपहर को दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि एक-दूसरे पर नल के हत्थे, ईट-पत्थरों आदि से हमला किया गया। एक पक्ष द्वारा फायरिंग भी की गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मारपीट में दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हुए हैं। पांच घायल उचित, मोहन सिंह, ललिता, गौरव और वीरेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। सीओ सिटी शशांख सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के 15 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट
बुलंदशहर। नगर कोतवाली में सुशीला विहार कालोनी निवासी पीड़ित महिला ने तहरीर देकर बताया कि कालोनी में ही रहने वाले कुछ लोग उसके परिवार से रंजिश मानते हैं। आरोपी पक्ष द्वारा आए दिन उनसे विवाद किया जाता है। आरोप है कि बीते दिन आरोपी पक्ष के तीन लोगों ने उससे, उसके पति एवं पुत्री के साथ बुरी तरह मारपीट की। विरोध करने पर एक आरोपी द्वारा उनसे अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की गई। शोर सुनकर लोगों को एकत्र होते देखकर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। नगर पुलिस ने तीन आरोपी राजेंद्र, प्रशांत व एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से राजेंद्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि आरोपी पक्ष पर उसके 1.23 लाख रुपये हैं। रुपये मांगने पर आरोपी पक्ष ने विवाद किया और उसे, उसके पुत्र एवं पत्नी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की गई। नगर पुलिस ने आरोपी दंपति और उसके दो पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।