सुबह सैर पर निकली महिला की ट्रक की टक्कर से मौत
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के लिए निकली महिला को डीएम रोड पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई महिला को राहगीर व स्थानीय लोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर कोतवाली में मोहल्ला प्रेमनगर निवासी पीड़ित अनिल कुमार गुप्ता ने तहरीर देकर बताया कि 30 अप्रैल की सुबह उनकी पत्नी ममता गुप्ता अपनी परिचित हेमा गर्ग, गजेंद्र गौड़ निवासी प्रेमनगर और टीकम सिंह निवासी गांव उटरावली के साथ मार्निंग वॉक के लिए गांव कुड़वल की तरफ जा रही थीं। डीएम रोड पर सामने से तेज रफ्तार ट्रक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए उनकी पत्नी ममता गुप्ता को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी ममता गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने ममता गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सीओ शशांक सिंह ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम कराकर पीड़ित परिजनों को सौंप दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेते हुए आरोपी चालक की शिनाख्त की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।