आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती से दुष्कर्म
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवक करीब दो माह तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता ने मामले की शिकायत परिजनों और पुलिस से की। लेकिन, थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर शुक्रवार को थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि जलीलपुर निवासी आरोपी युवक फैजान ने कुछ माह पूर्व उसके आपत्तिजनक फ़ोटो खींच लिए थे। साथ ही आरोपी बीते करीब दो माह से पीड़िता को उन फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था। साथ ही ब्लैकमेल कर पीड़िता के साथ दुष्कर्म कर रहा था। पीड़िता का आरोप है कि गत तीन जनवरी की रात को जब वह घर से सामान खरीदने के लिए गई थी, तभी फैजान उसे फ़ोटो डिलीट करने का बहाना बनाकर अपने घर ले गया और चाकू दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब यह बात अपने परिजनों को बताई तो वह कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपी। पीड़िता ने थाना पुलिस पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया। जिस पर एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना पुलिस को मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। थाना पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही पीड़िता का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
कोट =
आरोपी की जल्द होगी गिरफ्तारी
मामले में एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
- बजरंग बली चौरसिया, एसपी देहात
बस में बैठी महिला से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
जहांगीराबाद। कोतवाली पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ के आरोप में एक मनचले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है। अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला शुक्रवार को बुलंदशहर से बस में बैठकर वापस अनूपशहर लौट रही थी। बताया कि उसकी सीट के पीछे बैठा नौशाद नामक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला द्वारा सीट बदलने के बाद भी आरोपी अपनी हरकत से बाज नहीं आया और महिला से छेड़छाड़ करता रहा। महिला ने फोन पर पुलिस को आरोपी की हरकतों के बारे में सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी नौशाद निवासी सांखनी को चांदौक दौराहे से गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया गया है।