शादी में छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो भाइयों पर हमला
बुलंदशहर। शादी में महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस मामले में थाना पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं किए जाने पर पीड़ितों ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर गुहार लगाई है।
खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक रहीस ने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर बताया कि गत 21 फरवरी को उनके परिवार में एक शादी समारोह था। उस दौरान शादी में उनके रिश्तेदार भी आए थे। आरोप है कि शादी में मोहल्ला निवासी दबंग प्रवृत्ति के दो आरोपी घुस आए और कुछ महिलाओं व युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने लगे। दोनों भाईयों ने मिलकर विरोध किया। उस वक्त आरोपी वहां से उन्हें हत्या की धमकी देकर चले गए थे। लेकिन, 23 फरवरी की रात को जब वह भाई के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी आरोपियों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। पीड़ित ने थाना पुलिस पर भी शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।