परीक्षा देने जा रही छात्रा से छेड़छाड़, विरोध पर किया हमला
जहांगीराबाद। नगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रही एक छात्रा के साथ सरेराह छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने तीन युवकों पर आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आरोपी पक्ष ने आरोप निराधार बताए हैं।
बृहस्पतिवार सुबह नगर के एक इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा परीक्षा देने जा रही थी। पुलिस को दी तहरीर में छात्रा का आरोप है कि जैसे ही वह घर से कुछ दूर पहुंची तभी उसके पड़ोस के ही रहने वाले एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। छेड़छाड़ का विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। पीड़ित छात्रा ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि मुख्य आरोपी पहले भी उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास कर चुका है। जिसका विरोध करने पर आरोपी परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दे चुका है। वहीं आरोपी के परिजनों ने घटना को छात्रा का षड्यंत्र बताया है। तहरीर मिलने पर पुलिस ने छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। हालांकि, अभी एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है।