बुलंदशहर में 24 घंटे में मिले 299 नए संक्रमित, टूटा 16 दिन का रिकॉर्ड
बुलंदशहर। जिले में शनिवार को नए कोरोना संक्रमितों के आंकड़े ने पिछले 16 दिन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शनिवार को 299 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। नए संक्रमित में एक बीडीओ, एक न्यायाधीश, 10 बच्चे और महिलाएं समेत आम आदमी शामिल रहे। एक दिन में 299 केस आना 30 दिसंबर के बाद सर्वाधिक है। वहीं, राहत की बात ये है कि 222 लोग स्वस्थ हुए है। जिले में अब सक्रिय केसों की संख्या 1605 हो गई है। इनमें 1332 लोग होम आइसोलेट होकर उपचार की सुविधा ले रहे है।
जिले में 30 दिसंबर से शुरू हुए संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा और अब तक आये संक्रमित के रिकॉर्ड को तोड़ नया रिकॉर्ड बनाया। हालांकि दूसरी लहर में चार बार एक-एक दिन में 500 से अधिक लोग संक्रमित मिल चुके है। लेकिन तीसरी लहर में शनिवार को आए 299 संक्रमितों का आंकड़ा सर्वाधिक है। इससे पहले शुक्रवार को सर्वाधिक 265 संक्रमित आए थे। नए संक्रमित में सरकारी और निजी लैब से आई रिपोर्ट के आंकड़े शामिल है। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार जिले में एक न्यायाधीश दंपति, एक बीडीओ, एक ही परिवार के तीन से अधिक सदस्य वाले 10 से अधिक परिवार, 10 बच्चें, बुजुर्ग आदि शामिल है। इसके बावजूद लोगों की लापरवाही जारी है। बिना मास्क लोग बिना वजह सार्वजनिक स्थान, बाजार और भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर घूम रहे है। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी ड़ॉ. रोहताश यादव ने बताया कि शनिवार को सर्वाधिक बुलंदशहर नगर व देहात क्षेत्र में 103, खुर्जा में 48, शिकारपुर में 43, बीबीनगर में 35, सिकंदराबाद में 15, अनूपशहर में 14, पहासू में 13, जहांगीराबाद में 10, अरनिया में पांच, लखावटी, गुलावठी व ऊंचागांव में तीन-तीन और अगौता व स्याना क्षेत्र निवासी दो-दो व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें बिना लक्षण वाले मरीजों को होम आइसोलेशन की सुविधा दी गई है।