बुलंदशहर : नामांकन आज से, प्रत्याशी समेत दो लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति
- सभी विधानसभा सीटों के लिए सदर तहसील में ही बनाए गए हैं नामांकन कक्ष, तीन स्तरीय होगी सुरक्षा
बुलंदशहर। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज से सदर तहसील में जिले की सातों विधानसभा के लिए नामांकन शुरू होगा। कोविड महामारी के मद्देनजर प्रत्याशी के साथ अधिकतम दो वाहनों में पांच लोगों को ही आने की अनुमति जिला प्रशासन की ओर से दी गई है। इनमें से प्रत्याशी के साथ केवल एक व्यक्ति ही नामांकन कक्ष में जाएगा। सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक सदर तहसील में नामांकन किया जाएगा।
विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार से पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। एक सप्ताह तक चलने वाली प्रक्रिया के दौरान पहले दिन इक्का-दुक्का प्रत्याशी के ही नामांकन करने पहुंचने की संभावना है। अनूपशहर विधानसभा सीट को गठबंधन की सहयोगी एनसीपी के खाते में दिए जाने से वहां केके शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है।
ऐसा रहेगा सुरक्षा घेरा
नामांकन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैले, इसके लिए एएसपी शशांक सिंह के नेतृत्व में पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के लिए महाराणा प्रताप तिराहे पर बैरिकेडिंग कर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी, जबकि दूसरा घेरा तहसील गेट पर और इसके बाद नामांकन स्थल से पहले एक घेरा बनाया गया है। एएसपी के नेतृत्व में दो सीओ, पांच थाना प्रभारी और 150 सिपाहियों को सुरक्षा की कमान सौंपी गई है। साथ ही वाहनों को खड़ा करने के लिए मेडिकल कॉलेज की ओर तथा बस स्टैंड के पास दो पार्किंग बनाई गई है।
ऑनलाइन भी नामांकन कर सकते हैं प्रत्याशी
कोविड महामारी को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से ऑनलाइन नामांकन की व्यवस्था की गई है। घर बैठे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन नामांकन करने के बाद प्रत्याशी को नामांकन आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर हस्ताक्षर करने के बाद नामांकन स्थल पर जमा कराना होगा। इससे कोविड नियम का पालन हो जाएगा और नामांकन के दौरान भी अधिक भीड़ नहीं होगी।
आज पहुंच सकते हैं व्यय प्रेक्षक
चुनाव के दौरान प्रत्याशियों के खर्च पर नजर रखने के लिए चुनाव आयोग की ओर से व्यय प्रेक्षक की तैनाती कर दी गई है। व्यय प्रेक्षक के तौर पर शेखर कुमार और पार्थ वर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। शेखर कुमार को सिकंदराबाद, बुलंदशहर और स्याना जबकि पार्थ वर्मा को अनूपशहर, शिकारपुर, डिबाई और खुर्जा में प्रत्याशियों के खर्च पर नजर रखने की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग ने दी है।
नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेज
- नामांकन करने के लिए प्रत्याशी को नाम लिखे हुए पांच रंगीन फोटो
- निर्दलीय प्रत्याशी होने पर 10 प्रस्तावकों के नाम
- प्रस्तावक अनिवार्य रूप से संबंधित क्षेत्र का मतदाता होना चाहिए
- सामान्य व ओबीसी वर्ग के प्रत्याशी को 10 हजार और एससी-एसटी के लिए पांच हजार की जमानत राशि
- नामांकन पत्र के सभी कॉलम को भरना अनिवार्य
- प्रत्याशी का पूरा पता, फोन नंबर, व्हाट्सएप नंबर, आपराधिक जानकारी देनी होगी
- अपने व परिवार की चल व अचल संपत्ति का ब्योरा
- सरकारी विभागों के बकाया या एनओसी के साथ शैक्षिक योग्यता देना जरूरी
यहां होंगे नामांकन -
विधानसभा नामांकन स्थल
सिकंदराबाद न्यायालय तहसीलदार, बुलंदशहर (कक्ष एक)
बुलंदशहर न्यायालय उप जिलाधिकारी बुलंदशहर (कक्ष दो)
स्याना न्यायालय नायब तहसीलदार नगर (कक्ष तीन)
अनूपशहर न्यायालय नायब तहसीलदार बरन (कक्ष चार)
डिबाई न्यायालय तहसीलदार न्यायिक, बुलंदशहर (कक्ष पांच)
शिकारपुर बाह्य सभागार दक्षिणी द्वार
खुर्जा ब्राह्य सभागार उत्तरी द्वार
विधानसभा कुल मतदाता बढ़े मतदाता
सिकंदराबाद 397609 14987
बुलंदशहर 398260 13270
स्याना 384805 14480
अनूपशहर 377128 12896
डिबाई 347252 9153
शिकारपुर 332291 10272
खुर्जा 387328 18590
कुल 2624763 93648
टीका लगवाने वाले ही कर सकेंगे नामांकन
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि नामांकन के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। कोविड के मानकों के अनुसार केवल दो लोगों को नामांकन स्थल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। निष्पक्षता से नामांकन कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी फोर्स की तैनाती की गई है। प्रत्याशी और उसके साथ अंदर जाने वाले व्यक्ति का वैक्सीनेशन होना अनिवार्य है।