एक चिकित्सक के नाम पर चल रहे थे 18 अल्ट्रासाउंड सेंटर
स्याना। एक चिकित्सक के नाम पर 18 अल्ट्रासाउंड सेंटर चलने का मामला प्रकाश में आया है। एसीएमओ डॉ. एके भंडारी के निरीक्षण के दौरान इसकी पोल खुली। बताया जा रहा है कि सेंटर पर निरीक्षण के दौरान दूसरी चिकित्सक कार्य करती पाई गई, जिसके चलते सेंटर संचालक समेत तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नगर क्षेत्र के एक अल्ट्रासाउंड सेंटर का एसीएमओ डॉ. एके भंडारी ने निरीक्षण किया था। इस दौरान सेंटर के पंजीकरण के दौरान दर्ज किए गए चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार वार्ष्णेय मौके पर कार्य करते नहीं पाए गए। सेंटर में डॉ. दीपा अग्रवाल मरीजों के अल्ट्रासाउंड कर रहीं थीं। जांच करने पर पता चला कि सेंटर के नाम पर जिन चिकित्सक का नाम दर्ज किया गया है, उनके नाम से पूरे प्रदेश में 18 अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित हो रहे हैं। एसीएमओ ने पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत इसे अपराध बताते हुए संचालक समेत तीन आरोपियों के खिलाफ एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।