दुष्कर्म पीड़िता पर फैसले का दबाव, दी हत्या की धमकी
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में आरोपी अब फैसले का दबाव बना रहे हैं। फैसला न करने पर पीड़िता को हत्या और उसके परिजनों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने थाना पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दुष्कर्म पीड़ित महिला ने शुक्रवार को एसएसपी को शिकायती पत्र दिया। जिसमें उसने बताया कि गत वर्ष 21 जनवरी 2020 की दोपहर को वह घर से खेत पर पशुओं का चारा लेने के लिए गई थी। जहां पहले से ही गांव निवासी आरोपी देवेंद्र मौजूद था। आरोपी ने उस दौरान पीड़िता को अकेला पाकर उसे पकड़ लिया और पास ही के एक खेत में ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी के आदेश के बाद ही थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया। लेकिन, अब कुछ समय पूर्व आरोपी जमानत पर जेल से छूट गया है। साथ ही अब मामले में फैसले का दबाव बना रहा है। फैसला न करने पर आरोपी उसके परिजनों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है और पीड़िता को भी हत्या की धमकी दे रहा है।