बुलंदशहर में एक ही परिवार के छह लोग मिले कोरोना संक्रमित
बुलंदशहर। नए साल के पहले दिन खुर्जा नगर क्षेत्र के एक ही परिवार के छह लोग कोरोना संक्रमित मिले। सभी छह लोगों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। साथ ही विभाग संबंधित के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश में जुट गया है। जिले में अब एक्टिव केस की संख्या आठ हो गई है।
नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि खुर्जा नगर क्षेत्र के एक परिवार का हाल ही दिल्ली से आना हुआ था। परिवार के दो सदस्यों ने खुर्जा पीपीसी में आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल दिया था। शनिवार को दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों की एंटीजन किट से जांच की गई तो वह लोग भी संक्रमित मिले। जिले में अब कुल 20,229 संक्रमण के केस हो गए हैं। इसमें 244 लोगों की मौत तो 19,977 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
7,837 लोगों ने लगवाया टीका
बुलंदशहर। कोरोना की तीसरी लहर से पूर्व विभाग और शासन सभी को टीका लगाने में जुटा हुआ है। साथ ही बचाव को लेकर तैयारियां कर रहा है। एक दिन बाद 15 से 18 उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू होगा। इससे पूर्व शनिवार को नववर्ष के स्वागत के चलते कम लोग ही टीका लगवाने केंद्र पर पहुंचे। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को जिले के 81 केंद्रों पर 184 सत्र का आयोजन कर 7,837 लोगों को टीका लगाया गया। जो लोग अभी भी टीका लगवाने से वंचित है वह लोग जल्द टीका लगवा लें।