जिला पंचायत मॉल का उतरेगा मीटर, नोटिस जारी
बुलंदशहर। जिला पंचायत मॉल के बिजली कनेक्शन को स्थाई रूप से विच्छेदित कर दिया गया है। जब मीटर उतारने के लिए टीम मॉल में पहुंची तो मीटर बॉक्स में बंद मिला। जिस कारण बिजली निगम की ओर से जिपं अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। वहीं, शुक्रवार को आवंटियों ने जिपं अध्यक्ष से मिलकर आवंटन कराने की मांग की।
जिला पंचायत ने करीब चार वर्ष पहले कालाआम के पास मॉल का निर्माण कराया था। फ्लैट और दुकानों के आवंटियों को बिजली की सुविधा के लिए 1800 किलोवाट का कनेक्शन जारी किया था। अभी तक फ्लैट और दुकानों का दस्तावेजों में आवंटन नहीं होने और मॉल के चालू न होने के कारण बिजली का 1.62 करोड़ रुपये का बिल बकाया हो गया। कई बार कनेक्शन काटने के बाद जिपं अधिकारियों ने मॉल का बकाया बिल जमा करने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों से सिक्योरिटी मनी को समायोजित करने की मांग की। जिसके बाद अधिकारियों ने कुल 72 लाख रुपये की सिक्योरिटी मनी को बिल से समायोजित कर दिया। इसके बाद भी जिला पंचायत पर बिजली निगम का 92 लाख 90 हजार 796 रुपये बकाया है। इस बकाया राशि के जमा न होने के बाद अधिकारियों ने मीटर उतारने के लिए टीम भेजी, लेकिन सफलता नहीं मिली। जिस कारण एक सप्ताह में मीटर उतरवाने और मीटर बॉक्स से ताला लटाने के लिए जिपं अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
आवंटियों ने जिपं अध्यक्ष से की मुलाकात
शुक्रवार को जिपं मॉल में फ्लैट व दुकानों के आवंटियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया से मुलाकात की। उन्होंने जल्द से जल्द आवंटन देने और मॉल के कनेक्शन को जुड़वाने की मांग की। इसके बाद जिपं अध्यक्ष ने अपर मुख्य अधिकारी विद्याशंकर पांडेय के साथ मिलकर मॉल का निरीक्षण करते हुए कनेक्शन जुड़वाने और सभी आवंटियों को अलग-अलग कनेक्शन जारी करने के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
जल्द कनेक्शन जुड़वाने की बनेगी व्यवस्था
जिपं अध्यक्ष डा. अंतुल तेवतिया ने बताया कि मॉल का निरीक्षण किया गया है। जल्द से जल्द आवंटियों को आवंटन और बिजली कनेक्शन जुड़वाने के लिए व्यवस्था बनाई जा रही है।
काट दिया गया है कनेक्शन
एक्सईएन बिजली निगम अभिषेक कुमार ने बताया कि मॉल का कनेक्शन काट दिया गया है। मीटर उतारने के लिए टीम भेजी थी, लेकिन मीटर बॉक्स में बंद मिला है। जिस कारण जिपं को नोटिस जारी किया गया है।