किसान जल्द करा लें फसल बीमा, अंतिम तिथि 31 दिसंबर
बुलंदशहर। रबी की फसलों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू की गई है। योजना का लाभ लेने के लिए अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित है। विभागीय अफसरों ने किसानों से जल्द ही अपनी फसलों का बीमा करवाने का आह्वान किया है।
उप कृषि निदेशक धनन्जय सिंह ने बताया कि रबी फसल के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिसूचित फसलों का बीमा ऋणी और गैर ऋणी किसानों के लिए लागू किया गया है। बैंक से ऋण लेने वाले ऋणी किसान बीमा योजना की समाप्ति के हफ्ते भर पहले अपने संबंधित बैंक में जाकर यह लिखित रूप में दे सकते हैं कि वह अपनी फसल का बीमा नहीं कराना चाहता। यदि ऋणी किसान ऐसा नहीं करते हैं तो उनका खाते से प्रीमियम राशि की कटौती कर ली जाएगी। जबकि ऐसे किसान जिन्होंने बैंकों से ऋण नहीं लिया है, वह भी अपनी फसल का बीमा करवा सकते हैं। उन्होंने किसानों से आह्वान किया है कि वह अपनी फसलों का बीमा करवाए, ताकि किसी तरह के नुकसान पर उसका मुआवजा पा सके।