जिले के विकास के लिए 40 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास
बुलंदशहर। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने 22 करोड़ की लागत से सड़कें, 16 करोड़ के नाले और दो करोड़ की लागत से गांवों में एलईडी लाइट लगाने के कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में चहुंमुखी विकास कार्य हो रहे हैं। कहा कि पूर्व की सरकारों में थैला लेकर वसूली होती थी, भाजपा सरकार ने आते ही इस प्रथा को बदला और इसका सीधा फायदा जनता को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में ब्लॉक को ग्रामीण विकास के नाम पर बहुत कम धनराशि दी जाती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे बढ़ाया और गांवों में विकास की गंगा बहाई। सपा सरकार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोग पलायन के लिए मजबूर थे, लेकिन अब प्रदेश से गुंडा और बदमाशों ने पलायन किया है। प्रदेश में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए मेडिकल कालेज खोले जा रहे हैं। इससे प्रदेश की जनता को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पतालों में नहीं जाना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद डॉ. भोला सिंह ने कहा कि जिला पंचायत लगातार गांवों के विकास को लेकर संकल्पित है। अब कार्य करने का पुराना ढर्रा बदल गया है और निष्पक्ष और भ्रष्टाचार रहित तरीके से गांवों में विकास कराए जा रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया ने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने जनता को बिना भ्रष्टाचार के विकास की सौगात दी है। पूर्व की सरकारों में जहां गांव में गंदे पानी की निकासी नहीं होती थी, वहीं अब न केवल पानी की निकासी की व्यवस्था की गई, बल्कि गांवों में शहर की तर्ज पर एलईडी लाइटें लगाने की योजना बनाई गई है। इस दौरान वन राज्यमंत्री अनिल शर्मा, अनूपशहर विधायक संजय शर्मा, सिकंदराबाद विधायक विमला सोलंकी, खुर्जा विधायक बिजेंद्र खटीक, धर्मेंद्र चौधरी, रेनू चौधरी मौजूद रहे।
हरचना गांव की सड़क और द्वार का करेंगे शुभारंभ
मंत्री भूपेंद्र चौधरी रविवार को गुलावठी क्षेत्र के गांव हरचना में सड़क और द्वार के निर्माण का शुभारंभ करेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया ने बताया कि श्रद्धेय मंदिर के पुजारी हरचरन सिंह के नाम पर बनाई गई सड़क और गांव के गेट का शुभारंभ सुबह 11 बजे किया जाएगा।