निजीकरण के विरोध में 16 और 17 को रहेगी बैंकों में हड़ताल
बुलंदशहर। आगामी 16 और 17 दिसंबर को निजीकरण के विरोध में बैंकों में हड़ताल रहेगी। शनिवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसका सभी बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने समर्थन किया है।
संगठन के जिला संयोजक विक्रम सिंह राघव ने बताया कि सरकार शीतकालीन सत्र में बैंकिंग रेगुलेशन अमेंडमेंट बिल प्रस्तुत करने जा रही है। यह बिल देश की समस्त बैंकिंग व्यवस्था के लिए खतरनाक साबित होगा और आम जनमानस की कमर तोड़ देगा। गरीबी रेखा से नीचे का व्यक्ति और सामान्य जनमानस बैंकिंग व्यवस्था से दूर हो जाएंगे, क्योंकि सरकार बैंकों को पूंजीपतियों के हाथों में बेच देना चाहती है। इसके विरोध में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले सभी बैंक 16 और 17 दिसंबर को हड़ताल पर रहेंगे। दो दिन की हड़ताल के बाद शनिवार और फिर रविवार रहेगा। ऐसे में चार दिन बैंक बंद रहेंगे। हड़ताल के पहले दिन पंजाब नेशनल बैंक सर्किल ऑफिस यमुनापुरम पर सभी अधिकारी और कर्मचारी एकत्रित होंगे। इससे पहले भूड़ चौराहे से रैली निकाली जाएगी, जो हड़ताल स्थल पर संपन्न होगी। विक्रम सिंह राघव ने बताया कि निजीकरण के विरोध में शामिल होने के लिए सभी ट्रेड यूनियंस से भी संपर्क किया जा रहा है। बैठक में मनोज चौधरी, नितिन लोधी, तरुण वीर तोमर, भूपेश वशिष्ठ, तरुण लोधी, अजय तोमर, जगबीर चौधरी, प्रभात कुमार, अनुज चौधरी, पिंटू सिंह, दीपक वशिष्ठ, विजय सिंह, संजय कुमार, रवि कुमार आदि मौजूद रहे।