कोर्ट परिसर में युवक और उसके भाई पर किया हमला
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कोर्ट परिसर में कुछ लोगों ने मुकदमेबाजी की रंजिश में दो भाइयों पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष ने पत्नी-साले समेत अधिवक्ता पर भी आरोप लगाया है। एसएसपी ने नगर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गाजियाबाद के कोट गांव निवासी अखिलेश शर्मा ने मंगलवार को एसएसपी से मिलकर बताया कि उनका पत्नी से विवाद चल रहा है। यह मामला बुलंदशहर न्यायालय में विचाराधीन है। वह अपने भाई प्रमोद शर्मा के साथ मंगलवार को बुलंदशहर कोर्ट में तारीख करने आए थे। दोपहर करीब 12 बजे पत्नी हिमांशु कौशिक, साले प्रशांत कौशिक, अधिवक्ता हर्षवर्धन दीक्षित, राकेश दीक्षित समेत करीब 50 लोगों ने उन्हें कोर्ट परिसर में पकड़ लिया। इस पर कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों और फिर डायल-112 पर सूचना दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की। आरोपी पक्ष ने उन दोनों भाइयों को पुलिसकर्मियों के सामने ही बुरी तरह पीटा। किसी तरह उनकी जान बच सकी। इसके बाद आरोपी उन्हें धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित ने एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नगर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। नगर कोतवाल ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।