पानी से भरी बाल्टी में गिरी दो वर्षीय बच्ची, मौत
डिबाई। कोतवाली क्षेत्र के गांव दानपुर में सोमवार की सुबह छत पर खेल रही दो वर्षीय प्रज्ञा पानी से भरी बाल्टी में सिर के बल गिर गई। सिर पानी में डूबने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त उसकी मां शौच के लिए गई हुई थी। बच्ची को बाल्टी में डूबा देख परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
डिबाई की दौलतपुर चौकी क्षेत्र के गांव दानपुर के मोहल्ला तालाब निवासी हेमेश खेती कर अपना व परिवार का भरण पोषण करते हैं। सोमवार की सुबह वह घर से खेत पर गए थे। घर पर उनकी पत्नी गीता और दोनों पुत्रियां कृतिका और प्रज्ञा मौजूद थीं। बताया गया कि सुबह जब गीता शौच के लिए गई थी, तो उस दौरान उसकी छोटी पुत्री 2 वर्षीय प्रज्ञा छत पर खेल रही थी। जहां एक बाल्टी में पानी भरा था। बताया कि खेलते वक्त प्रज्ञा बाल्टी में सिर के बल गिर गई। पानी में डूबने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। शौचालय से बाहर निकलने पर गीता ने प्रज्ञा को बाल्टी में डूबा देखा और शोर मचा दिया। आनन-फानन अन्य परिजन व पड़ोसी प्रज्ञा को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। सीओ डिबाई वंदना शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है, न ही परिजनों की ओर से कोई तहरीर दी गई है।