दो युवकों को घेरकर मारपीट करने का वीडियो वायरल
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव रिवाड़ा के मुख्य चौराहे पर दर्जनों हमलावरों द्वारा दो युवकों को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। आठ दिन पुरानी घटना की वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हमलावरों के दूसरे पक्ष से जुड़े होने के कारण ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। वहीं, घटना के आठ दिन बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रिवाड़ा में विगत 25 सितंबर को कुछ लोगों ने अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के पड़ोसी गांव भैलई निवासी युवकों के साथ लाठी डंडों से जमकर मारपीट की। इस घटना में दो युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष का कहना है कि सड़क पर साइड को लेकर दूसरे पक्ष से जुड़े दर्जनभर हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस का दावा है कि घटना को लेकर उसी दिन लगभग आधा दर्जन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई लेकिन पर्याप्त साक्ष्य न मिलने के चलते उन्हें छोड़ दिया गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वीडियो के आधार पर पुलिस ने पांच से छह हमलावरों की शिनाख्त कर ली है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश डाली जा रही है। घटना के वक्त पीड़ितों ने जो तहरीर दी थी, उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।