कस्टमर केयर अधिकारी बन ठगी करने वाले पांच गिरफ्तार
बुलंदशहर। पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर, नौकरी का झांसा देकर, लोन के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को धर दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से फर्जी आईडी, 50 सिम बरामद किए हैं।
शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि साइबर ठगों को पकड़ने के लिए साइबर क्राइम टीम और बीबीनगर थाना प्रभारी को लगाया गया था।
टीम ने मिली सूचना के आधार पर ठगी गिरोह के पांच सदस्यों को मय 50 सिमों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त बसंत कुमार पुत्र कल्लूराम निवासी पिपारियां थाना लहरपुर जनपद सीतापुर, पवन गुप्त पुत्र बजरंग गुप्ता निवासी ग्राम केवलपुर थाना आदर्शनगर जनपद बहराइच, शिवम शुक्ला पुत्र नीरज शुक्ला निवासी ग्राम भरावन, थाना अतरौली, जिला हरदोई, ज्ञान सिंह पुत्र हरिशंकर निवासी ग्राम चौरा थाना लहरपुर जनपद सीतापुर और आशीष कुमार पुत्र राजाराम निवासी गांव सिकंदरपुर थाना टडियावा जनपद हरदोई के रूप में हुई हैं।
पूछताछ में बताया कि यह लोग विभिन्न कंपनियों के सिम फर्जी आईडी पर 300 रुपये में खरीदकर एक हजार से डेढ़ हजार रुपये में अपने साथियों को बेच देते थे और वे लोग इन सिम का प्रयोग जनता को लोन दिलाने के नाम पर, नौकरी दिलाने एवं फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लाखों रुपये की ठगी करते थे। बताया कि वह विभिन्न साइटों से डाटा खरीदकर लोगों को झांसा देकर सिक्योरिटी मनी के रूप में रुपये विभिन्न बैंक एकाउंट में ट्रांसफर करा लेते थे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया है।