मोबाइल चोर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
गुलावठी। गुलावठी पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए मोबाइल, तीन चाकू एवं दो बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाल जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि जो लोग गुलावठी में मोबाइल चोरी करते हैं, वह मोबाइल बेचने के उद्देश्य से फ्लाई ओवर के पास आने वाले हैं। पुलिस मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची तभी दो बाइकों पर सवार तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने घेरकर दोनों बाइकों पर सवार युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान सोनू, संदीप यादव एवं शाहरुख निवासी ग्राम सपनावत जिला हापुड़ है। आरोपियों के पास से गुलावठी से विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए चार महंगे मोबाइल, तीन चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों बाइकों को भी कब्जे में ले लिया है।