सहकारी समिति पर यूरिया न मिलने पर हंगामा
खानपुर। एक ओर जहां विभागीय अधिकारी जिले में यूरिया की कमी न होने का दावा कर रहे हैं, वहीं क्षेत्र के गांव गुरावली स्थित सहकारी समिति पर यूरिया न मिलने पर किसानों से शनिवार को जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया। वहीं, दूसरी ओर किसानों ने एक दुकानदार पर यूरिया के लिए अधिक रेट मांगने का भी आरोप लगाया है।
क्षेत्र के किसान धर्मवीर सिंह, मोहन सिंह, राहुल कुमार, मूलचंद सिंह, जितेंद्र कुमार, पंकज सिंह समेत अन्य किसानों ने बताया कि शनिवार को हम गुरावली में सहकारी समिति पर यूरिया लेने पहुंचे, लेकिन यहां पर यूरिया न होने की बात बताई गई। किसानाें ने समिति के सचिव पर पक्षपात का भी आरोप लगाया। इसी दौरान किसान भड़क गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। गुरावली व माधवगढ़ के दर्जनों किसानों ने रालोद के जिला महासचिव इरफान अली के नेतृत्व में एकत्रित होकर समिति पर जमकर प्रदर्शन किया। किसान नेता इरफान अली ने बताया कि यूरिया के नाम पर समिति के सचिव किसानों के साथ में अन्य फर्टिलाइजर लेने का दबाव बना रहे हैं। इसके बाद ही यूरिया का वितरण किया जा रहा है। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल किसानों को शांत कराया। हंगामे में दर्जनों किसान मौजूद रहे। वहीं, दूसरी ओर नगर स्थित फर्टिलाइजर की दुकानों पर ओवर रेट मिल रहे यूरिया की ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायत भेजी है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकानदार यूरिया के एक बैग पर 20 से 40 रुपये अधिक रेट वसूल रहे हैं। गांव मनिया टिकरी निवासी धर्मवीर पुत्र मक्खन लाल, भीमचंद्र पुत्र राम सिंह, मनोज कुमार व कुशल पाल आदि किसानों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर ओवर रेट यूरिया बेच रहे दुकानदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया ने बताया कि जिले में यूरिया की कोई कमी नहीं है। इससे संबंधित शिकायत अभी तक नहीं मिली है। इसकी जांच करवाई जाएगी।