वाहनों से अवैध वसूली करते वीडियो वायरल, दो पुलिसकर्मी निलंबित
सिकंदराबाद। वाहनों से पुलिसकर्मियों के अवैध वसूली करते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसे संज्ञान में लेते हुए एसएसपी ने आरोपी दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया हैं, वहीं चौकी प्रभारी को भी लाइन हाजिर कर दिया।
बताया जाता है कि शुक्रवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। जिसमें दो पुलिसकर्मी वाहनों से अवैध वसूली करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो को दनकौर रोड पर सिकंदरबाद कोतवाली बार्डर पर स्थित चौकी का बताया गया। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर कोतवाली सिकंदराबाद की दादरी गेट चौकी पर तैनात मुख्य आरक्षी राम कुमार एवं पीसी-2 पर तैनात आरक्षी पंकज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। चौकी प्रभारी दादरी गेट एसआई कुलदीप सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। प्रकरण की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी स्याना को दी गई है।